जयपुर के एमआई रोड स्थित होटल ग्राण्ड चाणक्य की रूफटॉप पर संचालित “नाइट जार रिलोडेड” क्लब में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शुक्रवार रात कार्रवाई के दौरान हुक्का बार मैनेजर को गिरफ्तार किया गया, जबकि हुक्का पी रहे पांच लोगों के चालान किए गए हैं। होटल के थर्ड फ्लोर रूफटॉप पर अवैध हुक्काबार पकड़ा स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के थर्ड फ्लोर रूफटॉप पर अवैध हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापा मारकर 17 हुक्के (चिलम सहित), 5 पाइप और भारी मात्रा में तंबाकू फ्लेवर व अन्य हुक्का सामग्री जब्त की। मौके से ब्रिजेश पुत्र रामकिशन सिंह (निवासी चमोली, उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया गया है। सीएसटी आयुक्तालय जयपुर की टीम ने पुलिस थाना जालूपुरा के साथ संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पांच के चालान काटे पुलिस ने इस मामले में सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) और राजस्थान धूम्रपान प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, मौके पर मौजूद पांच व्यक्तियों के खिलाफ भी कोटप्पा एक्ट के तहत चालान किए गए। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।