जयपुर में शनिवार (25 अप्रैल) को होने वाले राजस्थान रॉयल्स के मैच के टिकट को लेकर आज हंगामा हो गया। SMS स्टेडियम के बाहर आज भी टिकट लेने वालों की लंबी लाइन लगी रही। इस बीच टिकट नहीं मिलने पर कुछ युवाओं ने प्रदर्शन कर दिया। युवाओं ने स्टेडियम के गेट पर लगे राजस्थान रॉयल्स के बैनर को फाड़कर लोहे की बैंच को उठाकर पटक दिया। उन्होंने टिकट ब्लैक में मिलने का आरोप लगाया और वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए। हंगामे की सूचना पर डीसीपी (साउथ) ललित किशोर शर्मा जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। समझाइश की कोशिश की लेकिन युवाओं के नहीं मानने पर हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा। एक बारगी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दलालों के पास टिकट मिलने का आरोप टिकट खरीदने आए लोगों में व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखने को मिली। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग हो रही है और आम दर्शकों को टिकट नहीं मिल रहे। वहीं दलालों के पास टिकट आसानी से टिकट उपलब्ध हैं। लोगों का कहना था कि अगर टिकट पहले ही खत्म हो चुके थे तो स्टेडियम के बाहर इतनी लंबी लाइन क्यों लगवाई गई। घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिला टिकट टिकट खरीदने पहुंची शकुंतला नाम की महिला ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से उनके बच्चे टिकट लेने की कोशिश कर रहे है। आज वह खुद स्टेडियम आई है ताकि लाइन में लगकर टिकट खरीदा जा सकें। इसके बावजूद टिकट नहीं मिला। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टिकट बहुत महंगे हैं इसलिए हम ऑफलाइन टिकट लेने आए थे। यहां भी घंटों लाइन में लगने के बाद टिकट नहीं दिया जा रहा। टिकट वितरण की व्यवस्थाओं पर उठा सवाल राजस्थान रॉयल्स इस सीजन में शानदार प्रदर्शन कर रही है। टीम पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति में बनी हुई है। ऐसे में घरेलू मैदान पर होने वाले इस मुकाबले को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। यही कारण है कि मैच की ज्यादातर टिकट दो दिन पहले ही बिक चुकी है। अब केवल चुनिंदा टिकट ही शेष हैं, जिन्हें खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम पहुंच रहे हैं लेकिन सीमित टिकट और भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। मैच से पहले टिकटों को लेकर बढ़ते विवाद ने प्रशासन और आयोजन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फैंस का कहना है कि बेहतर व्यवस्था और पारदर्शिता के साथ टिकट वितरण होना चाहिए, ताकि आम दर्शकों को परेशानी न हो। --- ये खबर भी पढ़िए- IPL मुकाबले से पहले क्रिकेटर अभिषेक शर्मा गोविंददेवजी मंदिर पहुंचे:मां के पूजा-अर्चना की; राजस्थान रॉयल्स के साथ कल होगा मैच जयपुर में आईपीएल मुकाबले से पहले आज भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा अपनी मां के साथ गोविंद देव जी मंदिर पहुंचे। (पढ़िए पूरी खबर)