राजधानी जयपुर के जवाहर सर्किल पर गुरुवार को बड़ी संख्या में युवा हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर एकत्र हुए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राओं और महिलाओं ने भी भाग लिया। अचानक हजारों प्रदर्शनकारियों के जुटने से जवाहर सर्किल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रभावित हो गया। ये रहीं प्रमुख मांगें प्रदर्शनकारी युवाओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त रोक लगाने तथा कोचिंग संस्थानों की फीस और व्यवस्थाओं को नियंत्रित करने की भी मांग उठाई। पुलिस ने की समझाइश, देर रात तक डटे रहे प्रदर्शनकारी सूचना मिलते ही जवाहर सर्किल थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांतिपूर्वक ज्ञापन सौंपने और रास्ता खाली करने की अपील की। इसके बावजूद देर रात तक प्रदर्शनकारी जवाहर सर्किल पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा। अन्य शहरों में भी दिख रहा विरोध का असर दिल्ली के जंतर-मंतर और मुंबई के शिवाजी पार्क में छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद अब इसका असर राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। जयपुर के अलावा जोधपुर, कोटा और अजमेर सहित कई शहरों में छात्र संगठन और युवा सड़कों पर उतरकर विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।