जयपुर में ज्वेलरी की एक शॉप में रविवार तड़के बदमाशों के घुसने का मामला सामने आया है। चेनल गेट तोड़कर शॉप के अंदर घुसे बदमाश कपड़े के बैग में 18 किलो चांदी भरकर चोरी कर ले गए। सदर थाना पुलिस शॉप में लगे CCTV फुटेजों में कैद हुए चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- चांदपोल बाजार के रहने वाले बलराम सोनी (46) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। खासाकोठी पुलिया के पास उनकी विनायक ज्वेलर्स के नाम से शॉप है। शनिवार रात रोज की तरह वह शॉप लॉक कर अपने घर चले गए। देर रात बदमाशों ने चोरी की नीयत के चलते शॉप को निशाना बनाया। शॉप के पीछे लगे चेनल गेट को तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। शॉप में रखी तिजोरी को बदमाश तोड़ नहीं पाए। काउंटर व शौ-केस में रखी करीब 18 किलोग्राम चांदी के गहने और करीब 7 ग्राम सोने के गहने चोरी कर ले गए। रविवार सुबह शॉप का पिछला गेट टूटा होने पर चोरी का पता चला। सदर थाना पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर मौके से सबूत जुटाए। CCTV फुटेज में कैद मिली करतूत ACP (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- शॉप के अंदर लगे CCTV फुटेज में चोरों की करतूत कैद मिली। रात 2 बजे से तड़के 3:30 बजे के बीच दो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शॉप का पिछला चेनल गेट तोड़कर दोनों बदमाश अंदर घुसे। दुकान में रखे चांदी के गहनों को कपड़े के एक बैग में भरकर ले गए। CCTV फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों को तलाश जा रहा है। डीएसटी और स्पेशल टीम फुटेजों के आधार पर दोनों चोरों को चिन्हिृत करने में लगी है। जल्द ही दोनों को राउंडअप कर लिया जाएगा।