राजधानी जयपुर के श्योपुर रोड, प्रताप नगर स्थित सहदेवड़ा ज्वैलर्स में मंगलवार दोपहर एक शातिर बदमाश ने फर्जी Phone-Pe पेमेंट कर करीब 75 हजार रुपए कीमत की सोने की अंगूठी लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मंगलवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा। आरोपी ने महंगे कपड़े पहन रखे थे और आंखों पर गॉगल लगाया हुआ था, जिससे वह सामान्य कस्टमर जैसा दिखाई दे रहा था। उसने दुकान पर सोने की एक महंगी अंगूठी पसंद की और पेमेंट के लिए Phone-Pe से ट्रांजैक्शन करने का दिखावा किया। आरोपी ने दुकानदार को मोबाइल पर फर्जी पेमेंट स्क्रीन दिखाकर विश्वास में लिया और अंगूठी अपने कब्जे में ले ली। दुकान से बाहर निकलते ही वह सेकंडों में अपने साथी के साथ फरार हो गया। बाद में जब दुकानदार ने अकाउंट चेक किया तो पता चला कि खाते में कोई रकम ट्रांसफर ही नहीं हुई। पीड़ित रामगोपाल सोनी ने बताया कि मामले को लेकर सांगानेर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी और उसके साथी की पहचान शुरू कर दी है। सांगानेर थाना प्रभारी लिखमाराम ने बताया कि मामले में घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में दबीश दी जा रही है।