जयपुर में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए डीजल और पेट्रोल से चलने वाले वाहनों की जगह अब इलेक्ट्रिक हूपर (ई-व्हीकल) का इस्तेमाल किया जाएगा। इस नई व्यवस्था की शुरुआत मंगलवार से झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में की गई। शहरी सेवा शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने 25 इलेक्ट्रिक हूपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शिविर में मंत्री राठौड़ ने आमजन को विभिन्न योजनाओं के तहत पट्टे भी बांटे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। राठौड़ ने कहा- क्षेत्र में रात को बेहतर लाइट देने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और ड्रेनेज का प्लान तैयार कर उसका काम शुरू किया है। बिना धुआं और शोर के होगा घर-घर कचरा संग्रहण राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छ और आधुनिक बनाने के लिए इलेक्ट्रिक हूपर सेवा शुरू की गई है। इन वाहनों के संचालन से ईंधन की खपत कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा- अब ये सभी इलेक्ट्रिक हूपर घर-घर जाकर नियमित रूप से कचरा एकत्र करेंगे। उन्होंने बताया- नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को अधिक मजबूत करने के लिए करीब 55 लाख रुपए की लागत से अत्याधुनिक एक सक्शन मशीन भी खरीदी है। यह मशीन सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर फैले कचरे और धूल-मिट्टी को जल्द साफ करने में सक्षम होगी। इससे शहर की सफाई व्यवस्था में और सुधार आएगा। झोटवाड़ा में हो रहे कई विकास कार्य राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया- भाजपा सरकार बनने के बाद झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ी है। क्षेत्र में सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। नई सड़कें बनाई जा रही हैं। पुरानी सड़कों को भी मजबूत किया जा रहा है। ताकि लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा- झोटवाड़ा का बड़ा हिस्सा ढलान वाला क्षेत्र है। इस कारण बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की समस्या आती है। इसे देखते हुए सरकार ने ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने का निर्णय लिया है। जहां भी पानी भरने की समस्या है, वहां आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। 500 करोड़ की सीवरेज और ड्रेनेज योजना लागू राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया- झोटवाड़ा विधानसभा के कई हिस्सों में अब तक सीवरेज लाइन नहीं थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और ड्रेनेज का व्यापक प्लान तैयार कर उसका काम शुरू किया है। इससे क्षेत्र के हजारों परिवारों को भविष्य में जलभराव और सीवरेज संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। मंत्री राठौड़ ने कहा- सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। स्वच्छता, बेहतर सड़कें, मजबूत सीवरेज व्यवस्था, आधुनिक सफाई मशीनें और पर्याप्त रोशनी जैसी सुविधाएं झोटवाड़ा को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।