जयपुर में एक प्रेमिका के अपने लिव-इन पार्टनर को चाकू घोंपने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम से दोस्ती होने पर दोनों लिव-इन में साथ रह रहे थे। आए दिन झगड़े से परेशान प्रेमिका ने सोते समय चाकू से हमला किया। हॉस्पिटल में एडमिट लिव-इन पार्टनर के पर्चा बयान पर खोराबीसल थाना पुलिस ने FIR दर्ज की है। वहीं, दूसरी ओर हमलावर प्रेमिका की ओर से भी क्रॉस FIR दर्ज करवाई गई है। हेड कॉन्स्टेबल रामेश्वर लाल ने बताया- खोराबीसल के रहने वाले 40 साल के युवक पर चाकू से हमला किया गया। प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट घायल युवक के पर्चा बयान पर FIR दर्ज की गई है। शिकायत में बताया- वह प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम से उसकी दोस्ती विनिता (बदला हुआ नाम) से हुई थी। बातचीत के दौरान आपस में मिलना-जुलना होने पर प्रेम-प्रसंग में दोस्ती बदल गई। जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से लिव-इन-रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया। 18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह घर पर रुम में सो रहा था। इसी दौरान लिव-इन पार्टनर विनिता ने चाकू से हमला कर दिया। उसके सोते हुए के पेट व छाती के बीच चाकू से वार कर घोंप दिया। लहूलुहान होने पर जैसे-तैसे वह परिचित की मदद से प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचा। डॉक्टर्स की ओर से इलाज के लिए उसे एडमिट कर लिया गया। मेडिकल सूचना पर गुरुवार को पर्चा बयान लेने खोराबीसल थाना पुलिस हॉस्पिटल पहुंची। घायल के दिए पर्चा बयान के आधार पर लिव-इन पार्टनर के खिलाफ FIR दर्ज की गई। प्रेमिका ने भी दर्ज कराया मामला खोराबीसल थाने में हमलावर प्रेमिका की ओर से भी लिव-इन पार्टनर के खिलाफ शुक्रवार को FIR दर्ज करवाई गई है। क्रॉस FIR में बताया गया है कि लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने के दौरान लिव-इन पार्टनर की ओर से परेशान किया जाने लगा। शराब पीकर आए दिन झगड़ा करने के साथ उससे मारपीट की जाती थी। लम्बे समय से टॉर्चर झलने के बाद झगड़े होने पर गुस्से में चाकू से वार किया। पुलिस ने दोनों की ओर से मिली शिकायत पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।