जयपुर में प्रेमिका ने अपने लिव-इन पार्टनर पर चाकू घोंपकर हमला कर दिया। युवक के पेट और सीने पर कई वार किए। दोनों इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद से साथ में रह रहे थे। युवक ने पुलिस को पर्चा बयान देकर प्रेमिका के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। वहीं युवती ने भी युवक पर शराब के नशे में मारपीट और परेशान करने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। खोराबीसल थाना पुलिस मामले में जांच कर रही है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद लिव-इन में रहने लगे हेड कॉन्स्टेबल रामेश्वर लाल ने बताया कि खोराबीसल के रहने वाले 40 साल के युवक पर चाकू से हमला हुआ है। युवक निजी हॉस्पिटल में भर्ती है। पर्चा बयान में उसने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। करीब 5 साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए विनिता (बदला हुआ नाम) से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों का मिलना-जुलना शुरू हो गया। रिश्ता प्यार में बदलने पर दोनों ने आपसी सहमति से लिव-इन-रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया। युवक ने बताया कि 18 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह कमरे में सो रहा था। इस दौरान उसकी प्रेमिका ने चाकू से उसके पेट और सीने पर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में जैसे-तैसे परिचित की मदद से प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचा। पुलिस हॉस्पिटल आई, तब प्रेमिका के खिलाफ पर्चा बयान दिया। प्रेमिका ने भी दर्ज कराया मामला दूसरी ओर खोराबीसल थाने में प्रेमिका ने भी 24 अप्रैल को युवक के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। FIR में बताया कि युवक शराब पीकर आए दिन झगड़ा और मारपीट करता है। लंबे समय से टॉर्चर झेलने के बाद गुस्से में आकर चाकू से वार किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।