जयपुर में हत्या कर एक युवक का शव फेंकने का मामला गुरुवार सुबह सामने आया है। दूसरी जगह हत्या कर प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर लाए शव को खाली प्लाट में ठिकाने लगाया गया। पहचान छिपाने के लिए केमिकल डालकर लाश को आग लगाकर जलाने की कोशिश की। करधनी थाना पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वायड टीम की मदद से सबूत जुटाए है। एडि.डीसीपी (वेस्ट) राजेश कुमार गुप्ता ने बताया- निवारू पुलिया से कुछ दूरी पर एक खाली प्लाट में अर्द्धजला युवक का शव मिला है। सुबह करीब 6:30 बजे राहगीरों ने पुलिस कंट्रोल रूम को युवक की मर्डर की सूचना दी थी। हत्या कर लाश जलाने की कोशिश करने का पता चलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। करधनी थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम और डॉग स्क्वायड टीम बुलाकर सबूत जुटाए। दूसरी जगह की हत्या, फिर ठिकाने लगाया शव पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि युवक की किसी दूसरी जगह हत्या की गई। जिसके बाद प्लास्टिक के एक बड़े कट्टे में शव को बांधा गया। किसी गाड़ी में डालकर शव को देर रात लाकर यहां फेंक ठिकाने लगाया गया। मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसके मुंह व शरीर पर किसी ज्वलनशील केमिकल को डालकर आग लगाई गई। अंधेरे में आग लगने पर तेज रोशनी होने पर पकड़े जाने के डर से हत्यारे वहां से भाग निकले। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।