जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने नगर निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JEN) को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया। आरोप है कि निर्माणाधीन मकान को सील नहीं करने और निर्माण कार्य नहीं रुकवाने के बदले उसने परिवादी से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई के दौरान रिश्वत की 80 हजार की राशि आरोपी की कार के डैशबोर्ड से बरामद की है। फिलहाल ACB मामले में पूछताछ कर भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। जेईएन गिरफ्तार, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी डिटेन एसीबी की एसयू-प्रथम चौकी ने सिविल लाइंस जोन, नगर निगम जयपुर के जूनियर इंजीनियर संजय कुमार बैरवा को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोच लिया और आरोपी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दीनदयाल को डिटेन किया है। जेईएन ने निर्माण कार्य रुकवाने की दी थी धमकी शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया था कि पुराने मकान को तोड़कर नया निर्माण करने के लिए उसे निगम से स्वीकृति मिल चुकी थी। इसके बावजूद आरोपी जेईएन और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निर्माण स्थल पर पहुंचे और मकान को दोबारा सील करने, गार्ड बैठाने और निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी देने लगे। आरोप है कि जेईएन ने खुद और तत्कालीन उपायुक्त के नाम पर कुल 2 लाख रुपए रिश्वत की मांग की। एसीबी के गोपनीय सत्यापन में एक लाख रुपए की रिश्वत मांग की पुष्टि हुई और आरोपी के कहने पर पहले 20 हजार रुपए एक कर्मचारी द्वारा ले लिए गए। कार के डैशबोर्ड में रखवाए थे रिश्वत के 80 हजार रुपए इसके बाद शेष राशि की मांग पर एसीबी ने अपना जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी ने अपनी कार का लॉक खोलकर 80 हजार रुपए गाड़ी के गियर के पास स्थित डैशबोर्ड में रखवाए। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डैशबोर्ड से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। जांच में डैशबोर्ड के धौवन का रंग गुलाबी मिला, जबकि आरोपी के पर्स से 27 हजार 400 रुपए की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई। फिलहाल एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। -------------- ये खबर भी पढ़िए… नगर निगम में हेल्थ इंस्पेक्टर रिश्वत लेते ट्रैप:पांच हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था, एक दलाल भी पकड़ा राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने नगर निगम में कार्रवाई करते हुए हेल्थ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया है। एक दलाल को भी पकड़ा गया है। (पूरी खबर पढ़ें…)