जयपुर के रामगंज बाजार में पांच मंजिला मकान के झुकने से लोगों में दहशत हो गई। मकान में रहने वाले 30 लोगों को बाहर निकाल दिया है। पुलिस ने आसपास के मकान खाली करवा दिए। जगन्नाथ शाह का रास्ता में शनिवार शाम इस पांच मंजिला मकान में एक पिल्लर के दरार पड़ गई थी। वहीं पिल्लर के गिरने के बाद इस मकान में रहने वाले लोगों में दहशत हो गई। इसके बाद घर से लोग निकल गए। जानकारी मिलने के बाद रामगंज थाना पुलिस और नगर निगम के होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे। वहीं नगर निगम ने होमगार्ड तैनात किए। रास्ते पर भी लोगों की आवाजाही बंद कर दी। मकान में 30 लोग रहते हैं भास्कर टीम ने मामले में मौके पर पड़ताल की तो देखा तंग गली में 5 मंजिला मकान निर्माणाधीन है। मकान एक तरफ हल्का झुक गया है। इस मकान में नीचे दो दुकान है। दुकान के शटर में भी बैंड आ गया। मकान मालिक रईस ने घर के अलग-अलग हिस्से को कई लोगों को किराए पर दे रखा है। मकान में 30 से ज्यादा लोग रहते हैं। मकान के एकतरफ चार मंजिला मकान है। वहीं दूसरी तरफ शिव मंदिर है। जानकारी के अनुसार ये मकान नगर निगम से बिना अनुमति के बनाया जा रहा था। स्थानीय निवासी मोहम्मद अशफाक ने बताया- इस मकान से आसपास के घरों को भी नुकसान हो सकता है। मकान के पास प्राचीन शिव मंदिर स्थानीय निवासी मोहम्मद अशफाक ने बताया- इस मकान के पास पीपल का पेड़ है, जिसकी लोग पूजा करते हैं। लोगों ने प्रशासन से अपील की कि इस झूलते मकान के लिए उचित कार्रवाई करें। लोगों ने कहा- इस मकान के पास सैकड़ों साल पुराना चमत्कारेश्वर मंदिर है। इस पांच मंजिला इमारत से इस मंदिर को भी नुकसान हो सकता है। लोग बोले- किराए के लिए मालिक बना रहा पांचवी मंजिल स्थानीय निवासी मोहम्मद यामीन ने बताया- ये मकान रईस का है। उन्होंने ये मकान किराए पर चला रखा है। पांचवीं मंजिल भी किराए पर ही देने के लिए बनाई है। स्थानीय निवासी अली अहमद ने बताया- इस मकान में एक तरफ झुकाव आ गया। वहीं मकान के नीचे दुकान का शटर भी मुड़ गया है। अब देखते हैं प्रशासन का क्या एक्शन रहता है। जब मकान में रहने वाले लोग दौड़कर बाहर आए तो स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने मकान से और आसपास के मकान से लोगों को हटाया। उन्होंने इस मकान में अंदर एक दीवार और पिल्लर तक के सरिए उखड़ने का दावा किया। मौके पर रविवार को कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने कहा- सोमवार को प्रशासन की ओर मकान को गिराने की कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि नगर निगम ने अभी तक मकान गिराने को लेकर किसी तरह की पुष्टि नहीं की है।