जयपुर नगर निगम शहर में अधिक सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए 2 मई को नया अभियान चलाएगा। निगम की ओर से 2 मई को ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान के तहत एक ही दिन में 500 दीवारों को कलर करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत देश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक दिन में दीवारों को कलर करने की कोशिश की जाएगी। नगर निगम सभागार में मीडिया से बातचीत में कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया- सफाई सेवा मैराथन के माध्यम से शहर में स्वच्छता की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया गया था। अब ‘रंग दे गुलाबी’ अभियान के जरिए शहर को अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में अगला कदम उठाया जा रहा है। कमिश्नर ओम कसेरा ने कहा- अभियान में आम लोग सहित स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स आदि भी हिस्सा ले सकते हैं। शहर में दीवारों पर आकर्षक और कलात्मक रंगों का होगा प्रयोग नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया- इस अभियान का उद्देश्य जयपुर की पहचान को मजबूत करना और शहर की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करना है। कसेरा ने कहा- अभियान में गुलाबी नगरी जयपुर की पहचान को बनाए रखते हुए दीवारों पर विभिन्न आकर्षक और कलात्मक रंगों का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर क्षेत्र अपनी अलग पहचान के साथ उभरे। इससे शहर की दीवारें केवल रंगीन ही नहीं, बल्कि रचनात्मक और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का माध्यम भी बनेंगी। स्कूल-कॉलेज, एनजीओ ले सकते हैं हिस्सा नगर निगम कमिश्नर ओम कसेरा ने बताया- अभियान में स्कूल, कॉलेज, एनजीओ, निजी संस्थाएं, कॉर्पोरेट समूह और आम लोग स्वेच्छा से हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित हैं। नगर निगम का मानना है कि जब शहर के लोग स्वयं इस पहल से जुड़ेंगे, तब स्वच्छता और सौंदर्यीकरण का संदेश अधिक प्रभावी रूप से समाज तक पहुंचेगा। बता दें कि पेंटिंग सेवाएं देने के इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं भी अभियान का हिस्सा बन सकती हैं। इसके लिए नगर निगम ने 7470651609 और 7878252518 मोबाइल नंबर जारी किए हैं। इन पर कॉन्टेक्ट कर लोग भागीदारी कर सकते हैं।