जयपुर में एक रिटायर्ड कर्नल को बंधक बनाकर 2.20 लाख रुपए लूट लिया। हथियार दिखाकर घर में घुसे नकाबपोश बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। बुजुर्ग को बेहोश कर हाथ-पैर और मुंह बांधकर बदमाश ने बेड पर पटक दिया था। बगरू थाना पुलिस में पीड़ित बुजुर्ग ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने FIR दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू कर दी। DCP (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- बगरू के ओमेक्स सिटी निवासी 71 वर्षीय रिटायर्ड कर्नल के साथ रविवार दोपहर 1:30 बजे लूट की वारदात हुई। वे घर पर अकेले टीवी देख रहे थे। इस दौरान एक लड़का गेट खोलकर अंदर आया। बदमाश के हाथ में चाकू और पेंट में पिस्टल रखी थी। घर में घुसे बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था, उसने धमकी देते हुए रुपए मांगे। रुपए नहीं होने की कहने पर बदमाश ने मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। बेहोश होने पर बनाया बंधक पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बदमाश ने जेब से कुछ निकालकर उन्हें सुंघाया। इसके बाद मैं बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में बदमाश ने मेरे हाथ-पैर और मुंह बांध दिए। इसके बाद कमरे के ऊपर वाली रैक में रखे 2.20 लाख रुपए निकाले। बदमाश ने बैग में रुपए रखकर फरार हो गया। ढाई घंटे बाद आया होश, 45 मिनट में खुद को खोला पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब ढाई घंटे बाद होश आया। शाम करीब 4 बजे होश आने पर खुद के हाथ-पैर और मुंह बंधा होना पाया। कमरे में देखने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। बेड पर मैं बंधक की हालत में पड़ा था। होश आने के बाद मैंने शोर मचाकर लोगों को बुलाने की कोशिश की। मुंह बंद होने के कारण मेरी आवाज कमरे से बाहर नहीं जा सकी। उन्होंने बताया- जैसे-तैसे मशक्कत कर खुद को बंधन मुक्त करने की कोशिश शुरू की। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद खुद के हाथ-पैर और मुंह को बंधन से खोल सका। इसके बाद रैक में रखे रुपए देखे तो गायब मिले। आस-पड़ोसियों को वारदात के बारे में बताकर बगरू थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगालने के साथ बदमाश की तलाश कर रही है।