जयपुर में होटल के निर्माणाधीन सीवरेज की दीवार अचानक गिर गई। वहां काम कर रहे कई मजदूर इसके मलबे में दब गए। दो महिलाओं सहित तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। 12 से ज्यादा मजदूर घायल हो गए। हादसा चंदवाजी थाना इलाके में जयपुर-दिल्ली हाईवे (NH-48) पर ताला मोड़ स्थित अरावली पैलेस होटल में सोमवार दोपहर 12:50 बजे हुआ। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत निम्स हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक महिला का शव पोटली में लेकर गए। हादसे के समय 24 से ज्यादा मजदूर सीवरेज के गड्ढे में काम कर रहे थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे में रिंकू (32) पत्नी मनदीप, सविता पत्नी मनोज कुमार और बिहार निवासी रामजी मांझी (28) पुत्र रामप्रवेश की मौत हुई है। शव निम्स हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा- होटल में सेप्टिक टैंक के निर्माण के दौरान यह हादसा हुआ। इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले देखिए, हादसे से जुड़ी PHOTOS… भाई की मौत, पानी पीने गई बहन की जान बची बिहार के गयाजी निवासी ममता ने बताया कि मेरा भाई रामजी सीमेंट के ब्लॉक लेकर जा रहा था, तभी दीवार गिर गई। मलबे में दबने से उसकी मौत हो गई। हादसे के समय मैं पानी पीने के लिए गड्ढे से निकलकर ऊपर आ गई थी, जिससे जान बच गई। इनपुट : वसीम अकरम, आंधी … हादसे से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…