जयपुर पुलिस ने चोरी के 7 केस में वांटेड बदमाश को शनिवार रात अरेस्ट किया है। लग्जरी लाइफ जीने के लिए बने चोर अब तक चोरी की 20 वारदातों को अंजाम दे चुका। रात के समय रेकी के बाद गिरोह के साथ मिलकर वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। रामनगरिया थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चुराए गहने बरामद किए है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया- चोरी के मामले में वांटेड चल रहे बदमाश विनोद शर्मा उर्फ विनोद पण्डा (39) निवासी बसवा दौसा को अरेस्ट किया गया है। रामनगरिया इलाके में चोरी के 7 केस में वह पिछले काफी समय से वांटेड चल रहा था। पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए उसके गिरोह के बदमाश बबलेश मीना उर्फ बबलू, दीपचन्द उर्फ दीपक और प्रदीक कुमार को अरेस्ट किया था। पुलिस से बचने के लिए बदमाश विनोद शर्मा उर्फ विनोद पाण्डा ठिकाने बदल-बदलकर फरारी काट रहा था। रामनगरिया थाने की स्पेशल टीम के मेंबर कॉन्स्टेबल राहुल और शिवपाल ने शनिवार रात दबिश देकर वांटेड बदमाश विनोद को दौसा से पकड़ा है। जिसके कब्जे से सूने मकान का लॉक तोड़कर चुराए लाखों रुपए कीमत के गहने बरामद किए गए है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विनोद लग्जरी लाइफ व मौज-मस्ती के शौक को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देता था। उसके खिलाफ अब तक कुल 20 केस चोरी/नकबजनी के दर्ज है।