जयपुर में एक बेकाबू ट्रोला डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क किनारे लगे बिजली ट्रांसफार्मर में जा घुसा। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने सामने आए ऑटो को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। ट्रांसफार्मर से टकराते ही तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसा जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में मानबाग चौराहे के पास गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। हादसे में ऑटो में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रोले को क्रेन से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हालांकि, घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। ऑटो सवार दो लोग घायल जानकारी के अनुसार, ट्रोला पहले डिवाइडर से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर ऑटो की ओर बढ़ गया। चालक ने ऑटो को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रोला सीधे ट्रांसफार्मर में जा घुसा। हादसे में ऑटो सवार धारासिंह और समद अलमू घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। जोरदार धमाके से मची दहशत ट्रांसफार्मर से टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने हटवाया ट्रोला, यातायात कराया सुचारू जयसिंहपुरा खोर थाने के एसआई हरिओम ने बताया कि ट्रोला मानबाग चौराहे पर ऑटो को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ऑटो सवार धारासिंह और समद अलमू को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। ट्रोले को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाकर यातायात सुचारू करवा दिया गया। लगातार हादसों से उठ रहे सवाल जयपुर में पिछले कुछ दिनों से भारी वाहनों से जुड़े सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। हाल ही में 200 फीट बाइपास पर हुए भीषण हादसे में एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई थी। अब जयसिंहपुरा खोर की इस घटना ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही, तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त नियंत्रण, निर्धारित स्पीड लिमिट का कड़ाई से पालन कराने और यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की है। सिंगोदिया एंड कंपनी की दुकान पर आया था ट्रोला बता दें कि ये ट्रोला यहीं मौजूद सिंगोदिया एंड कंपनी की दुकान पर आया था। मामले में सिंगोदिया फर्म से बनी दुकान में बैठे व्यक्ति ने कहा ये ट्रोला हमारा ही था। ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान की भरपाई हमने कर दी है। जिसकी रसीद हमारे पास है। हालांकि, सवाल खड़े होते है कि इस हादसे के जिम्मेदार महज ट्रांसफार्मर को हुए नुकसान की भरपाई करके मामले से बच रहे हैं। जबकि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। वहीं पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज नहीं किया।