बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने जयपुर में अपनी वेब सीरीज दहाड़ 2 की शूटिंग पूरी कर ली है। शूटिंग के लास्ट दिन एक्ट्रेस ने अपनी पूरी टीम और क्रू मेंबर्स् के साथ केक काटकर सेलिब्रेट किया। सेट पर इस दौरान खुशी का माहौल रहा, सभी लोग इमोशनल नजर आए। इस वेब सीरीज की शूटिंग पिछले 3 महीने से ज्यादा से जयपुर और इसके आसपास के इलाकों में चल रही थी। इसकी शूटिंग नवलगढ़, जयपुर, सामोद, महारकलां गांव, चौमू, बीकानेर, मंडावा में हुई। अब 4 मई से 25 मई तक मुम्बई में इसकी शूटिंग होगी सोनाक्षी इस बार भी सीरीज में एक दमदार पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगी। जयपुर शेड्यूल के दौरान उन्होंने अधिकांश सीन पुलिस की वर्दी में शूट किए। शहर और आसपास के इलाकों में एक्शन सीक्वेंस, अपराधियों के पीछे पुलिस की धर-पकड़, जांच-पड़ताल, सर्च ऑपरेशन, पुलिस स्टेशन और ग्रामीण पृष्ठभूमि से जुड़े कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए गए। शूटिंग के दौरान सोनाक्षी ने गर्मी के बावजूद पूरे उत्साह के साथ काम किया। अधिक तापमान को देखते हुए उनके ज्यादातर सीन सुबह जल्दी या शाम के समय शूट किए गए। कुछ कठिन और लंबी तकनीकी शॉट्स में उनके बॉडी डबल का भी इस्तेमाल किया गया।
कई बार मिलने आए पति जहीर शूटिंग के दौरान सोनाक्षी से मिलने उनके पति जहीर इकबाल भी कई बार जयपुर पहुंचे। दोनों ने यहां होली का त्योहार भी साथ मनाया। जयपुर में उनकी मौजूदगी को लेकर फैंस के बीच भी उत्साह देखने को मिला। दहाड़ 2 में इस बार कहानी पहले से ज्यादा गहरी, रहस्यमयी और व्यापक स्तर पर देखने को मिलेगी। जानकारी के मुताबिक, दूसरे सीजन में एक शांत राजस्थानी कस्बे में 12 वर्षीय बच्ची के लापता होने के बाद शुरू होने वाली जांच एक बड़े सीरियल किलर केस का रूप लेती है। यह मामला सत्ता, पितृसत्ता और सामाजिक प्रभावों की परतें खोलता नजर आएगा। सीरीज में सोनाक्षी सिन्हा के साथ गुलशन देवैया, विनीत कुमार सिंह, सिकंदर खेर और आयशा अहमद प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले सीजन के चर्चित कलाकारों में विजय वर्मा और सोहम शाह ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। इस बार भी सीरीज में कई चर्चित चेहरे शामिल किए गए हैं साथ ही राजस्थान के स्थानीय कलाकारों को भी अभिनय का अवसर दिया गया है। इस वेब सीरीज का निर्देशन एक बार फिर रीमा कागती और रुचिका ओबेरॉय कर रही हैं। सीरीज को रीमा कागती और जोया अख्तर ने मिलकर क्रिएट किया है। इसके निर्माता फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, जोया अख्तर, रीमा कागती और कासिम जगमगिया हैं। यह सीरीज एक्सेल एंटरटेनमेंट और टाइगर बेबी फिल्म्स के बैनर तले बन रही है और इसका प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। गौरतलब है कि दहाड़ का पहला सीजन वर्ष 2023 में रिलीज हुआ था और इसे दर्शकों व समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। यह एक क्राइम-थ्रिलर पुलिस ड्रामा थी, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा ने सब-इंस्पेक्टर अंजलि भाटी (अंजलि मेघवाल) की भूमिका निभाई थी। कहानी एक छोटे राजस्थानी कस्बे में सार्वजनिक शौचालयों में मिली महिलाओं की संदिग्ध मौतों की जांच पर आधारित थी, जो आगे चलकर एक सीरियल किलर केस में बदल जाती है। इस सीरीज को भारत की पहली ऐसी वेब सीरीज माना गया, जिसका प्रीमियर बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। पहले सीजन की सफलता और लोकप्रियता के बाद दहाड़ 2 को और बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। राजस्थान की पृष्ठभूमि, दमदार कहानी, मजबूत कलाकार और थ्रिल से भरपूर घटनाक्रम के साथ यह सीरीज एक बार फिर दर्शकों के बीच रोमांच जगाने के लिए तैयार है।