जयपुर में प्रॉपर्टी को लेकर एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। बेटे को कोचिंग छोड़कर घर लौटते समय करीब 130 KM की स्पीड में आई XUV ने उसे टक्कर मारी थी। 100 फीट दूर उछलकर गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया- प्रताप नगर के रविन्द्र नगर में रहने वाली नीरज शर्मा (45) की हत्या हुई है। एक साल पहले उनके पति की डेथ हो चुकी है। पिछले 8 महीने से पति की जगह उनकी एलडीसी की पोस्ट पर नौकरी लगी थी। वह अपने 16 साल के बेटे के साथ रहती थी। 3 जुलाई को शाम करीब 4:45 बजे वह बेटे को कोचिंग छोड़कर वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान ओवर स्पीड स्कॉर्पियों ने उन्हें टक्कर मार दी। करीब 130 KM की स्पीड से टक्कर लगने से महिला 100 फीट दूर उछलकर गिरी। मौके पर मौत होने पर स्कॉर्पियों लेकर ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बेटी से चल रहा था प्रॉपर्टी विवाद घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज में स्कॉर्पियो गाड़ी से महिला को उड़ाने की घटना कैद मिली। प्रताप नगर थाने में मृतका के भाई की ओर से भांजी सहित अन्य के खिलाफ हत्या करने की शिकायत दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि पिछले दो-तीन साल से महिला का अपनी ही बेटी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। प्रॉपर्टी हासिल करने के लिए बेटी ने ही अपने देवर के साथ मिलकर मर्डर का प्लान बनाया। किलर हायर कर सुपारी देकर अपनी ही मां की हत्या करवा दी। हत्या को एक्सीडेंट का रुप देने के चलते स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर मरवाया।