जैसलमेर शहर की गफूर भट्टा बस्ती में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो बेसहारा बैल आपस में भिड़ गए। बैलों के बीच यह भिड़ंत काफी देर तक चलती रही। बैलों की इस लड़ाई में एक व्यक्ति की स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वीडियो वायरल होने पर नगर परिषद कमिश्नर ने सफाई देते हुए कहा-बेसहारा पशुओं को पकड़ने पर लोग ही विरोध करने लगते हैं। CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर पूरी घटना वां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में बैल एक–दूसरे पर सींगों से वार करते साफ नजर आ रहे हैं। एक–दूसरे पर हमला करने के दौरान वहां खड़ी एक स्कूटी दोनों के बीच आ गई, जिसे बैलों ने सिर से पटक-पटक कर तोड़ दिया। आखिर में वहां मौजूद कुछ बच्चों ने हिम्मत दिखाते हुए बड़ी मुश्किल से बैलों को वहां से भगाया। लोगों ने प्रशासन पर दिखाई नाराजगी घटना 29 अप्रैल शाम करीब 5 बजे की है। गफूर भट्टा बस्ती क्षेत्र में इन बेसहारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। लोग इन्हें देख घरों के बाहर निकलने से भी डरते हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। लोगों ने ऐसे पशुओं को पकड़ने की अपील की है। नगर परिषद ने भी दी चेतावनी लगातार मिल रही बेसहारा पशुओं की शिकायतों के बाद नगर परिषद कमिश्नर लजपाल सिंह ने कहा- नगरपरिषद की टीम लगातार बेसहारा पशुओं को पकड़ने का अभियान चला रही है। कई बार कार्रवाई करते समय लोग ही हमारा विरोध करने लगते हैं। हमारी आमजन से अपील है कि वे पालतू पशुओं को सड़कों पर न छोड़ें। यदि बेसहारा पशु सड़कों पर पाए गए, तो टीम उन्हें जब्त कर ले जाएगी।