जैसलमेर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले की बेटियों को कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि माता-पिता से अपनी 14 से 15 साल की बेटियों को HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका जरूर लगवाएं। यह बेटियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय और उससे जुड़े अन्य कैंसर) जैसी जानलेवा बीमारी से बचाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से वैक्सीन पूरी तरह फ्री दी जा रही है। वैक्सीन के मुख्य फायदे कैंसर से सुरक्षा: यह टीका महिलाओं में होने वाले खतरनाक सर्वाइकल कैंसर को रोकने का सबसे सुरक्षित तरीका है। लाइफ टाइम प्रोटेक्शन: छोटी उम्र में लगा यह टीका बेटियों को जीवनभर के लिए सर्वाइकल के खतरे से बचाता है। जीरो कॉस्ट: प्राइवेट अस्पतालों में महंगा मिलने वाली यह वैक्सीन सरकारी सेंटर्स पर बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध है। कलेक्टर बोलीं अफवाहों से बचें कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि जिला अस्पताल और सभी हेल्थ सेंटर्स पर वैक्सीन के लिए खास इंतेजाम किए गए हैं। उन्होंने पेरेंट्स से कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए टीका जरूर लगवाएं। मेडिकल विभाग को भी निर्देश हैं कि वे कैंपेन को सफल बनाने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने मैसेज देते हुए कहा- बेटियों की कैंसर से बेटियों की कैंसर से सुरक्षा ही स्वस्थ समाज का भविष्य है, इसलिए समय पर टीका जरूर लगवाएं।