जैसलमेर जिले के किसानों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने एक बड़ी पहल की है। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर से ‘ग्राम रथ अभियान’ की शुरुआत करते हुए कहा कि योजनाओं की जानकारी अब फाइलों से निकलकर सीधे ग्रामीण के दरवाजे तक पहुंचेगी। कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। योजनाओं का लाइव प्रदर्शन शुभारंभ के दौरान कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान का असली मकसद ग्रामीणों को सरल भाषा में जागरूक करना है। उन्होंने कहा- जानकारी न होने के कारण लोग लाभ नहीं ले पाते, इसलिए ग्राम रथ के जरिए योजनाओं का वीडियो प्रदर्शन किया जाएगा। इससे लोग देखकर और सुनकर बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। हर दिन 5 पंचायतों को कवर करेगा रथ तय शेड्यूल के मुताबिक, यह रथ रोजाना 4 से 5 ग्राम पंचायतों में जन-जागरूकता कार्यक्रम करेगा। कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की है कि जब रथ उनके गांव पहुंचे, तो वे बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लें और सरकार की योजनाओं का पूरा फायदा उठाएं। हर रथ पर होगी एक सुझाव पेटिका 15 दिनों का विशेष अभियान होगा। इस दौरान जिले की हर विधानसभा और दूर-दराज की पंचायतों तक यह रथ पहुंचेगा। रोज शाम को गांवों में चौपाल सजेगी, जहां लोक कलाकार गीतों और कला के जरिए योजनाओं की जानकारी देंगे। कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि हर रथ पर एक 'सुझाव पेटिका' लगाई गई है। ग्रामीण अपनी समस्याएं या सुझाव इसमें डाल सकते हैं ताकि प्रशासन योजनाओं के काम में और सुधार कर सके।