जैसलमेर में पिछले तीन दिनों से जारी मौसम का उतार-चढ़ाव अब थम गया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही बुधवार से आसमान साफ होने लगा है। पिछले कुछ दिनों से बेमौसम बारिश, तेज अंधड़ और ओलावृष्टि का सामना कर रहे जैसलमेर के शहरी और ग्रामीण इलाकों के लोगों ने अब राहत की सांस ली है। इधर, अब अगले सपताह से जिले में गर्मी का असर पड़ना शुरू हो जाएगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश की संभावना अब पूरी तरह खत्म मानी जा रही है। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार जिले में अब अगले 4-5 दिन मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। इस दौरान तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी और दिन में गर्मी बढ़ने लगेगी। आगामी दिनों का पूर्वानुमान मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार, अब जैसलमेर सहित पूरे राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अगले 4 से 5 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहेगा। आसमान साफ होने के कारण अब सीधी धूप धरती पर आएगी, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में दिन के समय गर्मी का असर तेज होगा और लू जैसी स्थिति तो नहीं, लेकिन चिलचिलाती धूप जरूर परेशान करेगी। किसानों के लिए राहत बारिश रुकने और मौसम साफ होने से उन किसानों को बड़ी राहत मिलेगी जिनकी फसलें खलिहानों में पड़ी हैं या कटाई के अंतिम चरण में हैं। जैसलमेर अब ठंडे और तूफानी मौसम को पीछे छोड़कर भीषण गर्मी की ओर बढ़ रहा है। अगले एक हफ्ते तक किसी भी नए विक्षोभ की सक्रियता की संभावना नहीं है, जिससे जनजीवन सामान्य बना रहेगा।