जैसलमेर शहर में बीती राम कोतवाली पुलिस ने एक्शन लेते हुए 4 युवकों को 4 ग्राम एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया है। यह पूरी प्लानिंग शहर कोतवाल सुरजाराम के नेतृत्व में गश्त के दौरान की गई। पुलिस ने बिना नंबर की कार को रुकवाया तो चारों कार छोड़ भागने लगे। पुलिस ने चारों को पकड़ा और तलाशी में ड्रग्स को बरामद कर NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर सबको गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ के मुताबिक, पुलिस टीम रात को शहर में चेकिंग कर रही थी। तभी उन्हें एक बिना नंबर की काली कार दिखाई दी। जब पुलिस ने गाड़ी को रोकने का सिग्नल दिया, तो कार में सवार युवक गाड़ी छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और चारों को पकड़ लिया। खतरनाक ड्रग्स बरामद जब पुलिस ने युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास से 4 ग्राम एमडी मिली। यह एक बहुत ही खतरनाक और नशीला पदार्थ है। पुलिस ने चारों आरोपियों सुनील, शाहिद, लक्ष्मण और तरुण को मौके पर ही अरेस्ट कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रही कार को भी सीज कर दिया गया है। नेटवर्क की जांच शुरू शहर कोतवाल सुरजाराम ने बताया कि पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मुख्य फोकस इस नेटवर्क का पता लगाना है कि यह नशा जैसलमेर में कहां से आ रहा है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।