जैसलमेर में एक सड़क हादसे में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) की मौत हो गई। वह रात करीब 10 बजे अपने कार्यालय से जैसलमेर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अनियंत्रित होकर उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अधिकारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जैसलमेर स्थित राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। एक्सीडेंट जिले के मूलसागर रोड पर बीती बुधवार रात को हुआ। ड्यूटी से लौटते समय हादसा हुआ जानकारी के अनुसार, मृतक अधिकारी की पहचान 28 वर्षीय दिनेश मीणा, पुत्र गेना राम मीणा, निवासी ग्राम उदयपुरिया (जिला लालसोट) के रूप में हुई है। दिनेश मीणा साल 2021 में सरकारी सेवा में आए थे और वर्तमान में सिपला ग्राम पंचायत में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बुधवार रात करीब 10 बजे वे ग्राम पंचायत से अपना ऑफिस का काम निपटाकर बाइक से जैसलमेर शहर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मूलसागर रोड पर अंधेरे में खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। मौके पर ही तोड़ा दम प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दिनेश मीणा को संभलने तक का अवसर नहीं मिला। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया शव सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और जैसलमेर स्थित राजकीय जवाहिर हॉस्पिटल की मोर्चरी में भिजवाया। गुरुवार को परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर 28 वर्षीय होनहार और युवा अधिकारी के अचानक इस तरह दुखद निधन की खबर मिलते ही पंचायती राज कर्मियों, प्रशासनिक गलियारे तथा उनके पैतृक गांव उदयपुरिया (लालसोट) में मातम छा गया। साथी कर्मचारियों ने इसे पंचायती राज विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। फिलहाल सदर थाना पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।