जैसलमेर पुलिस ने एक ऐसे चोर को पकड़ा है, जो चोरी करने से पहले वारदात वाले मकान में दो से तीन घंटे रुकता था। इतना ही नहीं पुलिस ने जब भी उसे कोर्ट में पेश किया- वहां बिना किसी झिझक के ये भी बता देता कि मैंने ही चोरी की है। इसी चोर तेजाराम सुथार ने दो महीने पहले शहर के कोतवाली पुलिस ने सहायक अभियंता (AEN) के घर हुई चोरी की थी। इसी मामले में उसे मंगलवार को जोधपुर से हिरासत में लिया था। इसके बाद बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। एईएएन सोहन जांगिड़ के घर तेजाराम ने चोरी कर वहां रखी दारू पी थी। यहां जब चिप्स नहीं मिली तो दीवार पर नोट लिखा था-' घर में दारू रखते हो तो साथ में आलू की चिप्स भी रखा करो।' 18 बार जेल गया, पर नहीं बदली सनक कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम ने बताया कि आरोपी तेजाराम सुथार (39) जैसलमेर के बबर मगरा का रहने वाला है। वह एक पेशेवर अपराधी है और उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 18 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह मोबाइल यूज नहीं करता, इसलिए उसे ट्रेस करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। टेक्निकल और मुखबिर की सूचना से जानकारी मिली थी कि वह जोधपुर में छिपा है। इस पर उसे मंगलवार को जोधपुर से पकड़ जैसलमेर लेकर आए। जज के सामने तुरंत कबूलता है जुर्म, ताकि पीसी न हो कोतवाली थानाधिकारी सुरजाराम ने बताया कि आरोपी जिस घर में चोरी करता है, वहां घंटों बिताता है। खाने-पीने की चीजों का इस्तेमाल करता है। पुलिस के अनुसार वह जेल से बाहर आते ही दोबारा वारदात को अंजाम देता। जब भी पकड़ा जाता है और उसे कोर्ट में पेश किया जाता है तो वह कोर्ट में जुर्म भी कबूल लेता है कि चोरी उसी ने की है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के पास से लैपटॉप बरामद किया है। दीवार पर लिखा- दारू के साथ चिप्स भी रखा करो बीती 31 जनवरी को IGNP कॉलोनी में रहने वाले सोहन जांगिड़ के सूने मकान में आरोपी ने सेंध लगाई थी। शातिर तेजाराम ने न केवल लैपटॉप और टीवी चुराया, बल्कि घर में इत्मीनान से पार्टी भी की। जाते समय उसने घर में रखी लिपिस्टिक से दीवार पर लिखा-थाने मत जाना, वक्त बर्बाद होगा... रिपोर्ट मत करना। साथ ही उसने तंज कसते हुए यह भी लिखा था कि घर में दारू रखते हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो। अंत में उसने अपना नाम 'बिहारी बाबू' लिखा था। ये खबर भी पढ़ें चोर ने लिखा-दारू रखते हो तो आलू-चिप्स भी रखा करो:इंजीनियर के घर में चोरी की, शराब पी; जींस-शर्ट और परफ्यूम भी ले गया जैसलमेर में एक सरकारी इंजीनियर के क्वार्टर में रविवार की अलसुबह चोर घुस गया। सामान समेटकर ले जाते समय महंगी शराब की बोतल मिली तो घर में ही बैठकर शराब पी। लेकिन चखना नहीं मिलने से नाराज हो गया। चोर ने जाने से पहले मकान मालिक के लिए कागज पर एक नोट छोड़ा और दीवार पर लिपस्टिक से मैसेज लिखकर फरार हो गया। (पूरी खबर पढ़ें)