भास्कर संवाददाता|पाली जिले के जैतपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर दिवांदी गांव निवासी दलाराम पटेल (27) की बेंगलुरु में बदमाशों ने हत्या कर दी। दलाराम पटेल 10 दिन पहले ही बेंगलुरु गया था। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे बलदेव रोड पर बदमाशों ने पहले कार से टक्कर मारी। फिर जमीन पर गिरते ही सरियों से सिर कुचल दिया। वारदात के वक्त दलाराम के साथ उसके दो दोस्त भी मौजूद थे, जो जान बचाकर मौके से भाग निकले। बेंगलुरु की वरथूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लहूलुहान दलाराम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया। इधर, हत्या की सूचना मिलने के बाद पाली से परिजन भी बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए हैं। 2 कारों में आए 5 हमलावर बेंगलुरु में रहने वाले रिश्तेदारों को फोन पर घटना की जानकारी मिली। पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार, शुक्रवार रात दलाराम अपने दो दोस्तों के साथ बलदेव रोड पर खड़ा था। इसी दौरान दो कारों में सवार होकर 5 युवक वहां पहुंचे और दलाराम को टक्कर मार दी। दलाराम के नीचे गिरते ही गाड़ियों से निकले बदमाशों ने उसके सिर पर लोहे के सरियों से हमला कर दिया। वरथूर थाना पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर हत्यारों की तलाश कर रही है। जमानत पर आने के बाद फरार था : दलाराम पटेल पर जैतपुर थाने में मारपीट, आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी सहित 15 अलग-अलग मुकदमे दर्ज थे। वह पहले भी जेल जा चुका था और हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद से फरार हो गया था। हत्या के पीछे किसी रंजिश की आशंका है।