चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र के जालेउ गांव में सोमवार दोपहर एक ढाणी में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। जालेउ निवासी बोमाराम माली अपने परिवार के साथ गांव के पास ही खेत में बनी ढाणी में रहते हैं। घटना के समय, बोमाराम अपने परिवार सहित सालासर बालाजी के दर्शन करने गए हुए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण ढाणी के पास रखे सिंचाई पाइपों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से सिंचाई के 220 पाइप और एक छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इसके अलावा एक पक्का मकान भी टूट गया और अन्य घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया। आग लगने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने रतनगढ़ नगरपालिका को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।