जालोर पुलिस ने साइबर अपराधियों को किराए पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड, एक चेक बुक और दो पेन कार्ड बरामद किए हैं। कार्रवाई ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत की गई। जालोर एसपी शैलेन्द्रसिंह इन्दौलिया के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत कुल 5 मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी चंद हजार रुपयों के लालच में अपने बैंक खातों की पूरी डिटेल साइबर ठगों को सौंप देते थे, जिनका उपयोग ठगी की राशि को खपाने के लिए किया जाता था। कमीशन के लालच में बेचे थे खाते पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कमीशन के बदले अपनी पासबुक, एटीएम और सिम कार्ड अपराधियों को दिए थे। आरोपी शंकरलाल ने 10 हजार रुपए के कमीशन के बदले नारायणलाल के माध्यम से अपना खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया था। इसी तरह राकेश कुमार ने 40 हजार रुपए की राशि के लालच में आकर बिचौलियों के जरिए अपने खाते की गोपनीय जानकारी और किट अपराधियों को सौंप दी थी। इन्हें किया गिरफ्तार पुलिस ने आहोर थाना क्षेत्र के उम्मेदपुर निवासी शंकरलाल पुत्र हंसाराम सरगरा, जालोर के सुभाषनगर निवासी नारायणलाल पुत्र सवाराम प्रजापत, कोतवाली थाना क्षेत्र ताशखाना बावडी निवासी राकेश कुमार पुत्र जेठाराम माली को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रलोभन में आकर अपना बैंक खाता या डिजिटल दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न दें, अन्यथा वे भी इस गंभीर अपराध के भागीदार बन सकते हैं। मामले में फिलहाल जांच जारी है।