जालोर में सुबह से बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं का दौर चल रहा है। इससे आमजन को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने जिले के कई हिस्सों में आज बारिश होने की संभावना जताई है। नया वेदर सिस्टम सक्रिय प्रदेश में नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के कारण जालोर में मंगलवार को तेज बारिश होने की संभावना है। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और हवाओं की गति 15-17 किमी प्रति घंटे तक पहुँच रही है। बीच-बीच में धूप खिल रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते आमजन को गर्मी से राहत मिल रही है। जालोर में पिछले कुछ दिनों से 3 अप्रैल तक बारिश का मौसम और तेज हवाओं का दौर चला। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। इसके बाद तीन दिनों तक मौसम सामान्य रहा और तेज धूप खिली। दिन का तापमान 33.5°C दर्ज किया गया, जिसमें 1.3°C की बढ़ोतरी हुई, जबकि रात का तापमान 19.9°C रहा, जिसमें 2.6°C की वृद्धि हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत जालोर जिले में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं।