जालोर में एग्जाम देने जा रहे एक स्टूडेंट को बीच सड़क पर ​पीटा। मामला 9 मार्च का है। इधर, शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पक्ष ने जालोर एसपी से मुलाकात की। दरअसल, नवमीं के एक स्टूडेंट ने सोशल मीडिया पर जन्मदिन को लेकर पोस्ट किया था। इससे नाराज युवकों ने बीच रास्ते में लाठी-डंडे से मारपीट कर दी। जब इसकी जानकारी स्टूडेंट के पिता को मिली तो उन्होंने 11 मार्च को थाने में रिपोर्ट दी। परिवार का कहना है कि न तो मामला दर्ज किया गया है और न ही इस मामले में कार्रवाई की गई है। पीड़ित के पिता ने की शिकायत मामले में स्टूडेंट के पिता ने बताया कि उनका बेटा 9 मार्च को एग्जाम देने जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में कुछ बदमाशों ने उसे रोका और नीचे गिरा दिया। इसके बाद लाठी-डंडे से बुरी तरह से पीटा। पिता का कहना है कि घटना के पहले से ही सोशल मीडिया पर धमकी भरे वॉयस मैसेज भेजे जा रहे है। इतना ही नहीं हथियारों के साथ फोटो डालकर मारपीट करने की बात की जा रही है। उन्होंने एसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की।