बाड़मेर | गायत्री शक्तिपीठ बाड़मेर में बाड़मेर और जैसलमेर उपजोन की भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी, अखंड दीपक के प्रज्वलन के सौ वर्ष पूरे होने, पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनवरी 2026 में शांतिकुंज हरिद्वार के तत्त्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर हुए बड़े कार्यक्रम में लिए गए संकल्पों की समीक्षा बैठक हुई। शांतिकुंज हरिद्वार से राजस्थान जॉन के प्रभारी गौरीशंकर सैनी के प्रतिनिधित्व में आई टोली ने गोष्ठी कराई। बैठक में बाड़मेर और जैसलमेर जिले के गायत्री परिजन मौजूद रहे। शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद टोली नायक गौरी शंकर सैनी, जेपी चौधरी, श्यामवीर सिंह चौधरी, पंकज सिंह का साफा पहनाकर माल्यार्पण से स्वागत किया गया। अतिथियों का परिचय और स्वागत भाषण उपजोन प्रभारी चूनाराम बिश्नोई ने दिया। शांतिकुंज के प्रतिनिधि जेपी चौधरी ने बताया कि आगामी नवंबर माह में दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर तीन विशेष आयोजन होंगे। इनमें साधक स्तर के कार्यकर्ता ही भाग ले सकेंगे। श्यामवीर सिंह चौधरी ने महिला सम्मेलन, युवा सम्मेलन, शिक्षक सम्मेलन तहसील स्तर, जिला स्तर, फिर उपजोन स्तर पर कराने की रूपरेखा बताई। कार्यक्रम के अंत में गायत्री शक्तिपीठ बाड़मेर के मुख्य ट्रस्टी रेवंत सिंह चौहान ने शांतिकुंज से आई टोली, समीक्षा गोष्ठी में मौजूद वरिष्ठ परिजनों, मातृ शक्ति का धन्यवाद किया।