बालोतरा जिले के जसोल कस्बे में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। जसोल-नाकोड़ा रोड स्थित अशोक टॉयज दुकान से दो युवक चश्मा खरीदने के बहाने 19 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। यह घटना शाम करीब 6:47 बजे हुई और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बाइक पर आए युवकों ने बातों में उलझाया दुकानदार अशोक प्रजापत ने बताया- घटना के समय उनका बेटा दुकान पर बैठा था, जबकि वे बाहर सामान लेने गए थे। बाइक पर सवार होकर आए दोनों युवकों ने बच्चे से चश्मे दिखाने को कहा और उसे बातों में उलझाए रखा। एक ने बातों में उलझाया और दूसरे ने गल्ले से पैसे निकाले बेटा जैसे ही चश्मा निकालने के लिए दुकान के पीछे गया, एक युवक उसे बातचीत में व्यस्त रखता रहा। इसी दौरान दूसरे युवक ने मौका पाकर गल्ला खोला और उसमें रखे 19 हजार रुपए निकाल लिए। गल्ले से गायब मिली नगदी नगदी चुराने के बाद दोनों आरोपी चश्मे के पैसे देकर वहां से बाइक पर फरार हो गए, ताकि किसी को शक न हो। कुछ देर बाद जब दुकानदार अशोक प्रजापत वापस लौटे, तो उन्हें गल्ले से नकदी गायब मिली। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी वारदात साफ नजर आई। फुटेज में दोनों आरोपी चोरी करते हुए स्पष्ट दिख रहे हैं। दुकानदार ने जसोल पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष है और उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।