विराटनगर ब्लॉक के जयसिंहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। इस मौके पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने मलेरिया को खत्म करने की शपथ ली और लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया। अभियान का मकसद लोगों को गर्मी के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति सतर्क करना था। डॉक्टरों ने दी बचाव की जरूरी सलाह सीएचसी प्रभारी डॉ. कन्हैया लाल यादव, डॉ. देवेंद्र कुमार और डॉ. भरत चौधरी ने लोगों से अपील की कि मलेरिया एक संक्रामक बीमारी है, जो मच्छरों के काटने से फैलती है। उन्होंने बताया कि इससे बचने के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें और रात में मच्छरदानी का इस्तेमाल जरूर करें। समय पर जांच और इलाज पर जोर डॉक्टरों ने कहा कि अगर समय पर जांच और इलाज कराया जाए तो मलेरिया को पूरी तरह नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से लक्षण दिखते ही तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की सलाह दी। इस बार विश्व मलेरिया दिवस की थीम ‘मलेरिया खत्म करने की ओर: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा’ रखी गई है। इसी थीम के तहत सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।