भास्कर संवाददाता| श्रीगंगानगर देश के 23 आईआईटी में प्रवेश के लिए जेईई एडवांस्ड-2026 परीक्षा 17 मई को दो पारियों में होगी। परीक्षा आईआईटी मद्रास कराएगा। परीक्षा का पैटर्न नहीं बदलेगा। यह पूरी तरह कम्प्यूटर आधारित होगी। इसके जरिए 23 आईआईटी की 18 हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश मिलेगा। पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी। परीक्षा के बाद उम्मीदवारों की रिस्पॉन्स शीट 21 मई को वेबसाइट पर जारी होगी। प्रोविजनल आंसर-की 25 मई को आएगी। इस पर 25 और 26 मई को शाम 5 बजे तक आपत्तियां दर्ज होंगी। फाइनल आंसर-की और रिजल्ट 1 जून को जारी होगा। जनवरी और अप्रैल में होने वाली जेईई मेन परीक्षाओं से चुने गए शीर्ष करीब 2.50 लाख छात्र जेईई एडवांस्ड देने के पात्र होंगे। जेईई मेन 2026 क्वालीफाई करने वाले भारतीय छात्रों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 23 अप्रैल से शुरू होगा। विदेशी नागरिकता, ओसीआई व पीआईओ श्रेणी के छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 2 मई : विदेशी नागरिकता, ओसीआई और पीआईओ श्रेणी के छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 अप्रैल से शुरू हो चुके हैं। अंतिम तारीख 2 मई है। जिन छात्रों के ओसीआई या पीआईओ कार्ड 4 मार्च 2021 के बाद जारी हुए हैं, उन्हें विदेशी नागरिक माना जाएगा। ऐसे विदेशी नागरिक छात्र, जिनकी 12वीं भारत या विदेश से है, उन्हें जेईई मेन देना जरूरी नहीं होगा। वे सीधे जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। इन छात्रों को जनरल-ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी, एसटी और पीडब्ल्यूडी आरक्षण में नहीं गिना जाएगा। इनके लिए ओपन कैटेगरी की सीटों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत सीटों पर आवंटन किया जाएगा। आईआईटी ने एडप्टिव एग्जाम पैटर्न की खबरों को खारिज किया है। पवन कुक्कड़ के अनुसार परीक्षा का ढांचा पिछले वर्षों की तरह रहेगा। सभी परीक्षार्थियों के लिए प्रश्नों का स्तर व मार्किंग समान होगी। जो अभ्यर्थी पहले किसी आईआईटी में प्रवेश लेकर नामांकन वापस ले चुके हैं, वे जेईई एडवांस्ड के पात्र नहीं होंगे। श्रीगंगानगर| कृषि पर्यवेक्षक भर्ती हेतु 18 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां 8,764 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। सभी केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रहेगी। उड़नदस्ते भी सक्रिय रहेंगे। परीक्षा निष्पक्ष तरीके से कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। भर्ती में प्रतिस्पर्धा तेज है। एक पद के लिए औसतन 169 अभ्यर्थी मैदान में हैं। कुल 1,100 पदों के लिए 1.86 लाख से अधिक आवेदन आए हैं। यह परीक्षा कृषि विभाग में पर्यवेक्षक पदों के लिए हो रही है। बड़ी संख्या में आवेदन आने से चयन प्रक्रिया कठिन मानी जा रही है। श्रीगंगानगर-हनु मानगढ़ सहित इन 38 जिलों में होगी परीक्षा : परीक्षा का आयोजन प्रदेश के 38 जिलों में होगा। इनमें अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बून्दी, चितौड़गढ़, चूरू, दौसा, डीग, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जालौर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, पाली, प्रतापगढ़, राजसमन्द, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, श्रीगंगानगर, टोंक व उदयपुर शामिल हैं। परीक्षा पैटर्न में 100 बहु विकल्पीय प्रश्न व कुल अंक 300 होंगे : परीक्षा पैटर्न में 100 बहु विकल्पीय प्रश्न होंगे। कुल अंक 300 होंगे। समय 2 घंटे रहेगा। कृषि, बागवानी, पशुपालन से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे। राजस्थान सामान्य ज्ञान से 25 प्रश्न होंगे। हिंदी से 15 प्रश्न होंगे। हर सही उत्तर पर 3 अंक मिलेंगे। गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक कटेंगे। जिला समन्वयक परीक्षा प्रकोष्ठ भूपेश शर्मा ने बताया कि कुल 60 प्रश्न सीधे कृषि से जुड़े होंगे। उन्होंने अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास करने की सलाह दी। पुराने प्रश्न-पत्रों से तैयारी करने को भी कहा।