झालावाड़ के गवर्नमेंट गर्ल्स उच्च माध्यमिक स्कूल, मंगलपुरा में बुधवार को आयोजित महारानी इलादेवी पुरस्कार समारोह में जिले की मेधावी बालिकाओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और सम्मान कप देकर सम्मानित किया गया। पूर्व राजपरिवार झालावाड़ के सदस्य महिजीत सिंह ने घोषणा की कि यह पुरस्कार अब प्रतिवर्ष दिए जाएंगे, ताकि जिले की बालिकाओं को शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणा मिल सके। समारोह में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। महारानी इलादेवी के योगदान को किया याद समारोह में महारानी इलादेवी के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने वर्षों पहले बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई थी और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया। हर वर्ष दिया जाएगा पुरस्कार: महिजीत सिंह पूर्व राजपरिवार के सदस्य महिजीत सिंह ने घोषणा करते हुए कहा कि महारानी इलादेवी पुरस्कार अब हर वर्ष आयोजित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य जिले की छात्राओं को पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा संग्रहालय में मिलेगा विशेष स्थान मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि यह सम्मान समारोह एक निरंतर प्रक्रिया बनना चाहिए और आने वाले वर्षों में और अधिक छात्राएं इसमें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से विरासत संरक्षण अभियान के तहत झालरापाटन स्थित मदन विलास पैलेस में शिक्षा संग्रहालय बनाया जा रहा है। इस संग्रहालय में महारानी इलादेवी के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को विशेष स्थान दिया जाएगा, क्योंकि वे स्वयं इसी पैलेस में निवास करती थीं। मेधावी छात्राओं को मिला नकद पुरस्कार समारोह में कक्षा 12वीं और 10वीं की उत्कृष्ट छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं प्रथम स्थान – ₹10,000 कक्षा 12वीं द्वितीय स्थान – ₹7,500 कक्षा 10वीं प्रथम स्थान – ₹7,500 कक्षा 10वीं द्वितीय स्थान – ₹5,000 इसके अलावा स्काउट, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और सम्मान कप प्रदान किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा। इन गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति इस अवसर पर सीईओ शम्भुदयाल मीणा, पूर्व सभापति प्रदीप सिंह राजावत, सीडीओ रामसिंह मीणा, एबीईओ पवन पाटीदार, इंटेक संयोजक राज्यपाल शर्मा, अतुल झाला, मनोज शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रधानाचार्य वीना रानी चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संकल्प एकेडमी के संचालक उदयभान सिंह ने महारानी इलादेवी के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।