झालावाड़ पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से एंटी रोमियो स्क्वॉड (महिला गरिमा हेल्पलाइन-1090) की विशेष गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन अब शहर में 24 घंटे सक्रिय रहकर महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों पर तत्काल कार्रवाई करेगा। झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय, राजस्थान जयपुर के निर्देश पर यह हेल्पलाइन संचालित की जा रही है। इस पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। स्क्वॉड स्कूल, कॉलेज, बाजार, धार्मिक स्थल, मॉल, पार्क, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगी। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं से होने वाली छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। मिनी सचिवालय परिसर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और एसडीएम अभिषेक चारण की मौजूदगी में इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पुलिस के अनुसार, यह विशेष वाहन तीन पारियों में 24 घंटे संचालित होगा। प्रत्येक पारी में एक महिला सहायक उप निरीक्षक, हेड कॉन्स्टेबल, एक मेल कॉन्स्टेबल और एक महिला कॉन्स्टेबल शामिल तैनात रहेंगे। यह टीम पूरे झालावाड़ शहर में लगातार गश्त कर महिला सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी महिला या बालिका के साथ छेड़छाड़, अभद्रता, पीछा करने या अन्य प्रकार की उत्पीड़न की घटना सामने आती है, तो उसकी सूचना तुरंत महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।