भारतीय डाक विभाग ने आमजन की सुविधा के लिए झालावाड़ और बारां जिले के 18 चयनित डाकघरों में आधार नामांकन और अपडेट की सुविधा शुरू की है। झालावाड़ जिले में यह सुविधा झालावाड़ प्रधान डाकघर, झालरापाटन, अकलेरा, खानपुर, पिड़ावा, भवानीमंडी, सुनेल, चौमहला एवं मनोहरथाना डाकघरों में उपलब्ध है। बारां जिले में बारां, अंता, मांगरोल, केलवाड़ा, छबड़ा एवं अटरू सहित अन्य चयनित डाकघरों में भी आधार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इन केंद्रों पर लोगों को आधार से संबंधित लगभग सभी सेवाएं भारत सरकार के यूआईडीएआई की ओर से निर्धारित शुल्क पर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। झालावाड़ डाकघर अधीक्षक प्रदीप कुमार जैन ने बताया कि दोनों जिलों के चयनित डाकघरों में नया आधार नामांकन, नाम, जन्मतिथि और पते में संशोधन, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट, तथा बायोमेट्रिक (फोटो, फिंगरप्रिंट एवं आईरिस) अपडेट सहित अन्य आधार संबंधी सेवाएं यूआईडीएआई के निर्धारित शुल्क के अनुसार प्रदान की जा रही हैं। 10 साल पुराने आधार का अपडेट है जरूरी उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार एवं यूआईडीएआई के निर्देशानुसार, जिन नागरिकों के आधार का नामांकन 10 साल या उससे अधिक समय पहले हुआ है, उन्हें अपना बायोमेट्रिक, फोटो, पता और मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक विवरण समय-समय पर अपडेट कराने चाहिए। इससे भविष्य में बैंकिंग, पेंशन, छात्रवृत्ति, सरकारी योजनाओं और अन्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। बच्चों का फ्री बनेगा आधार कार्ड इसके अलावा जिन बच्चों का अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है, उनका प्रथम आधार नामांकन पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने बच्चों का आधार शीघ्र बनवाएं तथा निर्धारित आयु पर उनका बायोमेट्रिक अपडेट भी अवश्य कराएं। झालावाड़ प्रधान डाकघर में विशेष सुविधा झालावाड़ प्रधान डाकघर (बस स्टैंड के निकट) में आधार सेवाएं प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध हैं, जिससे आमजन अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी कार्य आसानी से करवा सकते हैं।