झालावाड़ में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. साजिद खान ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें शहरी स्वास्थ्य केंद्रों और जनता क्लीनिक के चिकित्सकों व कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर शहरी स्वास्थ्य केंद्र खंडिया, धनवाड़ा और जनता क्लीनिक में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत मरीजों की पहचान, जांच और उपचार पर जोर दिया गया। आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों की ई-केवाईसी कर आयुष्मान कार्ड वितरित करने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए घर-घर सर्वेक्षण और जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। जिला मुख्यालय के स्कूलों से समन्वय स्थापित कर पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराने पर भी विशेष बल दिया गया। परिवार कल्याण साधनों के वितरण, पात्र दंपत्तियों की काउंसलिंग और नसबंदी के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएमएचओ डॉ. साजिद खान ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के निवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। बैठक में डॉ. रवि वर्मा, डॉ. अरिंद कुमार नागर, शैलेश शर्मा, फिरदौस मंसूरी सहित यूपीएचसी और जनता क्लीनिक के कई चिकित्सक व कर्मचारी मौजूद थे।