झालावाड़ शहर की कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को एक बाइक, स्मैक, नकदी और मोबाइल फोन सहित पकड़ा है। कोतवाली थानाधिकारी मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की। सूचना मिलने पर इमामा बाड़ा कसाई मोहल्ला, झालावाड़ में पल्सर बाइक पर सवार आरोपी सुबराती मोहम्मद को रोका गया। उसके पास से 1 ग्राम 6 मिलीग्राम अवैध स्मैक, 1030 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और पल्सर बाइक जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी सुबराती मोहम्मद ने स्वीकार किया कि उसने 300 ग्राम स्मैक खरीदी थी। वह इसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उससे स्मैक की खरीद-फरोख्त के स्रोत और उसके तस्करी नेटवर्क के बारे में आगे की पूछताछ की जा रही है। जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 1 बाल श्रमिक को कराया मुक्त, रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ मामला दर्ज जिले में बालश्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन मासूम” अभियान के तहत पुलिस एवं संबंधित विभागों की ओर से संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक बालक को बालश्रम से मुक्त कराया है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बालश्रम उन्मूलन हेतु निरंतर अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मानव तस्करी विरोधी यूनिट झालावाड़ के सहायक उप निरीक्षक शाहिद खान, थाना रायपुर के बाल कल्याण अधिकारी एएसआई बालचन्द एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के कॉर्डिनेटर सुनील पाटीदार ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने थाना रायपुर क्षेत्र स्थित “जय मातादी रेस्टोरेंट” पर निरीक्षण के दौरान एक बालक को बालश्रम करते हुए पाया गया, जिसे तत्परता से रेस्क्यू कर बालश्रम से मुक्त कराया। मुक्त कराए गए बालक को बाल कल्याण समिति झालावाड़ के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके परिवार के साथ पुनर्वासित किया। प्रकरण में रेस्टोरेंट संचालक के विरुद्ध बालश्रम अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।