झालावाड़ के ऐतिहासिक गढ़ परिसर में अब पर्यटक और शहरवासी बिना किसी परेशानी के सेल्फी ले सकेंगे। जिला प्रशासन ने गढ़ परिसर में बने सेल्फी पॉइंट के पास वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है, जिससे यह क्षेत्र अब केवल पैदल यात्रियों के लिए होगा। हाल ही में नगर परिषद झालावाड़ ने गढ़ परिसर के पार्क में एक सेल्फी पॉइंट बनाया था। हालांकि, सेल्फी लेते समय लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण पर्यटकों को असुविधा हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए, म्यूजियम के सामने से गुजरने वाले सड़क मार्ग को दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है। अब यहां से केवल पैदल यात्री ही आ-जा सकेंगे, और बड़े वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। गढ़ परिसर एक ऐतिहासिक स्थल है, जहां एक संग्रहालय भी संचालित है। नगर परिषद का उद्देश्य सेल्फी पॉइंट के माध्यम से गढ़ परिसर को अधिक से अधिक लोकप्रिय बनाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। यह नया पैदल मार्ग म्यूजियम के सामने से होकर विलायती गेट तक जाता है। लोग पैदल निकल सकेंगे, वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी गढ़ पार्क में बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर बैठकर किसी भी तरीके से अपनी सेल्फी मोबाइल में लेने पर गढ़ परिसर का अधिकांश हिस्सा नजर आएगा। इससे पर्यटन के क्षेत्र में भी पहचान मिल सकेगी, यहां जिला प्रशासन की ओर से म्यूजियम की दोनों तरफ पुलिस बेरिकेड्स अस्थाई रूप से रखवाए गए हैं। ऐसे में यहां से आने जाने वाले लोग पैदल निकल सकेंगे, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, ऐसे में सेल्फी लेने के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी और शांत वातावरण में सेल्फी ली जा सकेंगी। गौरतलब है कि झालावाड़ गढ़ परिसर में पूर्व में सभी सरकारी कार्यालय यही संचालित होते रहे हैं, लेकिन मिनी सचिवालय निर्माण के बाद यह भवन खाली हो चुका था। ऐसे में यहां म्यूजियम, स्काउट गाइड और साइबर थाना, आरएसईबी, शिक्षा विभाग कार्यालय है, लेकिन पार्क के सामने से कोई वाहन नहीं निकले और म्यूजियम में आने वाले पर्यटकों को कोई परेशानी नहीं हो बेहतर वातावरण मिल सके इसके लिए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के निर्देश पर यह व्यवस्था की है। वही इस मामले में म्यूजियम प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि सेल्फी प्वाइंट पर आराम से सेल्फी ली जा सके इसके चलते यह नई व्यवस्था लागू की गई है।