झालावाड़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो प्रदर्शित करने की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे मामलों की जानकारी स्थानीय पुलिस को देने का आग्रह किया है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी भय के पुलिस की मदद कर सकें। इस पहल के तहत झालावाड़ पुलिस ने सार्वजनिक रूप से मोबाइल नंबर 8764517201 जारी किया है। आमजन से आग्रह किया गया है कि वे हथियारों के प्रदर्शन जैसी गतिविधियों की फोटो या वीडियो इस नंबर पर साझा करें। पुलिस का लक्ष्य समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।