झालावाड़ शहर में मंगलवार दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली। करीब पौने 3 बजे तेज गर्जना और बिजली की गड़गड़ाहट के साथ लगभग 15 मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहा, जिससे शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ समय के लिए राहत मिली। मंगलवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह भी कुछ देर हल्की बारिश दर्ज की गई। एक दिन पहले सोमवार को हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई थी, जिससे लोगों को कई दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिली थी। 34 डिग्री तक पहुंचा तापमान दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। बारिश के कारण वातावरण में ठंडक तो घुली, लेकिन कुछ देर बाद फिर से उमस महसूस होने लगी। मंगलवार को दोपहर में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आई है। खेतों में पर्याप्त नमी आने से खरीफ फसलों की बुवाई और धान की रोपाई को गति मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई इस बारिश से खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आएगी। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी जिले में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।