झालावाड़ के असनावर क्षेत्र में एक युवक की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पानी भरे गड्ढे में फिसलने से हादसे की आशंका जताई है। युवक शादी समारोह से लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, असनावर निवासी कैलाशचंद बागरी शनिवार को नाला बरेडी गांव की ओर गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। रविवार सुबह नाला बरेडी रोड पर खाल के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कैलाशचंद बागरी के रूप में की गई। असनावर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। असनावर थाना प्रभारी सीआई नंदकिशोर वर्मा ने बताया कि कैलाशचंद रात को एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां से लौटते समय रास्ते में पानी से भरा एक गड्ढा था, जिसमें उसका वाहन फिसल गया। वाहन फिसलने से कैलाशचंद के सिर में गंभीर चोट आई। देर रात तक वहीं पड़े रहने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।