झुंझुनूं शहर में अनुशासनहीनता और वर्दी की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले एक पुलिसकर्मी पर गाज गिरी है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कावेंद्र सिंह सागर ने सरेराह हंगामा और हुड़दंग करने के आरोप में कांस्टेबल निर्मल को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोपी कांस्टेबल वर्तमान में पुलिस लाइन में तैनात था। ​दरअसल, मंगलवार को रेलवे स्टेशन के सामने मुख्य सड़क पर कांस्टेबल निर्मल की शर्मनाक हरकतें देखने को मिली थीं। कांस्टेबल ने न केवल यातायात को बाधित किया, बल्कि वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों के सामने हाथ जोड़कर उनके पैर पकड़ने लगा। इस दौरान उसने काफी देर तक सड़क के बीचों-बीच हंगामा किया, जिससे लोग परेशान होते रहे। ​इस पूरे ड्रामे का वहां मौजूद कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया था। इसके बाद बुधवार को दैनिक भास्कर डिजिटल पर खबर प्रकाशित हुई और वीडियो दिखाया गया। वीडियो में कांस्टेबल युवकों के साथ बहस करता और अजीब हरकतें करता साफ नजर आ रहा था। एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर सार्वजनिक स्थान पर ऐसा व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद बुधवार को कांस्टेबल निर्मल को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए गए।