झुंझुनूं शहर में मंगलवार का दिन उमस और गर्मी के साथ शुरू हुआ, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदल गया। शाम करीब 6 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश करीब 40 मिनट तक लगातार होती रही। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन शहर में जगह- जगह जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद जिला कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य मार्गों पर पानी भर गया, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि परिसर के अंदर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में वकील, नोटरी पब्लिक और स्टाम्प वेंडर बैठते हैं। जलभराव के कारण उनका कामकाज प्रभावित रहा। दस्तावेज तैयार कराने पहुंचे लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। पानी भरने से वहां काम करने वाले लोगों के लिए बैठना भी मुश्किल हो गया। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर भी बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि ड्रेनेज सिस्टम में समय रहते सुधार नहीं किया गया तो आगामी बारिश में हालात और बिगड़ सकते हैं। अब देखिए- तस्वीरें