झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में कासनी स्थित सूरदास की ढाणी के पास गुरुवार को स्कूल की बोलेरो और दूसरी गाड़ी के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में निजी स्कूल के 10 से 12 बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल (सीएचसी) की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जाखोद और सूरदास की ढाणी के हैं अधिकांश बच्चे जानकारी के अनुसार, स्कूल की बोलेरो बच्चों को लेकर जा रही थी, इस दौरान सूरदास की ढाणी के पास हादसा हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में जाखोद और सूरदास की ढाणी के रहने वाले हर्ष (8), अनुराग (8), प्रशीद (6), आयुष्मान (7), बिशन (6), लतिका (11), मुकेश (12), आशीष (8), वंशिका (6), लाडो (4) और सीधी (7) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन अस्पताल पहुंचे।