जोधपुर के झंवर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-125 पर शनिवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और नीलगाय की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शाम पूनिया की प्याऊ के पास उस समय हुआ, जब फायरब्रिगेड की गाड़ी के सामने अचानक नीलगाय आ गई। फायरब्रिगेड के चालक ने नीलगाय को बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नीलगाय ने भी मौके पर दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही बम्बोर पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बम्बोर पुलिस चौकी में ले जाया गया। इसके साथ ही, हाइवे से नीलगाय को हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान ढलाराम बेटा गोबरराम मेघवाल निवासी कलाबा नाडा, बलाऊ, जिला बालोतरा के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।