जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र में दो दिन पहले अवैध मादक पदार्थ अफीम का दूध ओर नगद रुपए के साथ पकड़े गए आरोपी रामनिवास से पुलिस पूछताछ कर रही है। अब तक की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खेती की आड़ में तस्करी का काम कर रहा था। मामले को लेकर DCP ईस्ट मनीष चौधरी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को टीम ने बनाड़ थाना अधिकारी ईश्वरचंद्र पारीक के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस ने जाजीवाल बिश्नोईयान में एक आरोपी को पकड़ा था। उसके कब्जे से 6 किलो अफीम का दूध, 6 लाख 95 हजार 400 रूपये नगद पकड़े गए थे। मामले में आरोपी रामनिवास ( 30) निवासी- जम्भेश्वर नगर, जाजीवाल बिश्नोइयां को गिरफ्तार किया गया था। DCP ईस्ट मनीष चौधरी ने बताया प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप नॉर्थ ईस्ट से खरीदकर लाया था। वह इसे जोधपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है कि नॉर्थ ईस्ट में उसके संपर्क किन तस्करों से हैं और जोधपुर में वह किसे यह माल डिलीवर करने वाला था। पुलिस को देखते ही भागा बता दें कि पुलिस को खास मुखबिर से इत्तला मिली कि जाजीवाल बिश्नोइयां निवासी रामनिवास अपने घर पर भारी मात्रा में अफीम छिपाकर बैठा है। जब पुलिस टीम ने रामनिवास के घर दबिश दी, तो वह पुलिस जाब्ते को देखकर घबरा गया। वह अपने हाथ में एक गत्ते का थैला लेकर पास के खेतों की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और उसे धर दबोचा।आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। कार्रवाई में मण्डोर थानाधिकारी सुरेश सारण, बनाड़ थाना के SI देवा राम DST प्रभारी खेतसिंह भी शामिल रहे। इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में हैड कांस्टेबल झुमरराम डी.एस.टी. जोधपुर ग्रामीण की विशेष भूमिका रही।