जोधपुर कमिश्नरेट की डांगियावास थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 39 किलोग्राम डोडा-पोस्त और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार जब्त की है। आरोपी बालोतरा जिले का रहने वाला है, जो जोधपुर के ग्रामीण इलाकों में डोडा पोस्त की सप्लाई करने आ रहा था। DCP मनीष चौधरी, एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा, एसीपी अनिल शर्मा की मॉनिटरिंग में टीम ने कार्रवाई ने कार्रवाई की। घेराबंदी कर कार को पकड़ा डांगियावास थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया शुक्रवार को जालेली फौजदार सरहद पर गश्त और सघन नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की ऑल्टो कार तेज रफ्तार में आती दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने रफ्तार और बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। 39 किलो डोडा-पोस्त जब्त कार की तलाशी लेने पर उसमें से 39 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने कार और मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी दिनेश (32) पुत्र मोहकमराम विश्नोई , निवासी डोली कला, थाना कल्याणपुर जिला बालोतरा को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों को देख खुद भी बन गया तस्कर आरोपी से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दिनेश घर में सबसे बड़ा है और उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं। घर में कोई और कमाने वाला नहीं था। जल्द और ज्यादा पैसा कमाने की चाहत में वह इलाके के कुछ मादक पदार्थ तस्करों के संपर्क में आया और उनके साथ मिलकर खुद भी तस्करी के इस काले कारोबार में उतर गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह खेप कहां से लाया था और जोधपुर में किसे सप्लाई करने वाला था। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल सुभाषचन्द, कॉन्स्टेबल नेमाराम (विशेष योगदान), भागीरथ सिंह, रिछपाल सिंह, सुरजाराम, अनिल और राजेन्द्र शामिल रहे।