जोधपुर में गर्मियों का असर बढ़ते ही हॉस्पिटल की आई ओपीडी में मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। इनमें खुजली, इंफेक्शन से लेकर आंख सूखने की समस्या से जूझ रहे मरीज भी शामिल हैं। मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में इन दिनों ओपीडी 300 पार हो गई है। इनमें सबसे ज्यादा आंखों के मरीज ही आ रहे हैं। हॉस्पिटल के सीनियर डॉक्टर और HOD अरविंद चौहान ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि गर्मी तेजी से बढ़ रही है। पारा 40 से 45 डिग्री तक पहुंच गया है, ऐसी स्थिति में आंखों में जलन होना, खुजली, लाल होना इस तरह की समस्या बच्चों से लेकर बड़ों में देखी जा रही है। इस स्थिति में खासतौर पर ड्राई आई के मरीजों को और ज्यादा समस्या सामने आती है। उनकी आंखों में और ज्यादा सूखापन महसूस होता है। इससे बचाव के लिए धूप में कम से कम निकलें, आंखों से बचाव के लिए टोपी, छाता लेकर निकलें। जिससे आंखों को सुरक्षा मिलें। बच्चों को आउटडोर गेम्स के लिए कहें चौहान ने बताया कि आजकल स्कूल की छुट्टियां हो चली है। ऐसे में बच्चे लैपटॉप, मोबाइल और गैजेट्स ज्यादा चला रहे हैं। इसका नुकसान भी है, क्योंकि उनकी आंखों में सूखापन होने के साथ ही आंखों के नम्बर बढ़ना, थकान ओर स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ जाता है। इसके लिए पेरेंट्स उन्हें दूसरे आउटडोर गेम्स खेलने के लिए प्रेरित करें।